सीमा पर घुसपैठ का प्रयास नाकाम, आतंकी ढेर 19-07-2013
रामबन में गूल गोलीकांड से कश्मीर में पैदा हुए सांप्रदायिक तनाव के
बीच शुक्रवार सुबह कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर गुरेज सेक्टर में आतंकियों
ने घुसपैठ का प्रयास किया। सीमा पर सतर्क जवानों ने घुसपैठ नाकाम करते हुए
हुए एक घुसपैठिये को मार गिराया। इस घटना के बाद एलओसी पर सतर्कता बढ़ा दी
गई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार तड़के साढ़े तीन बजे एलओसी पर गश्त कर रहे
जवानों ने गुलाम कश्मीर से हथियारों से लैस चार से पांच आतंकियों को
भारतीय सीमा में प्रवेश करते देखा। जवानों ने घुसपैठियों पर नजर रखते हुए
आसपास की सुरक्षा चौकियों को सूचित कर दिया। घुसपैठिए जब नियंत्रण रेखा के
पास पहुंचे तो जवानों ने उन्हें आत्मसमर्पण के लिए कहा। इस पर घुसपैठियों
ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की और करीब आधे घंटे
गोलीबारी होती रही। फिर आतंकियों की ओर से गोलीबारी बंद हो गई। सुबह जब
जवानों ने घटनास्थल की तलाशी ली तो उन्हें गोलियों से छलनी एक आतंकी का शव
मिला। आशंका है कि उसके अन्य साथी छिपे हुए हैं या वापस भाग गए हैं। इसके
पहले नौ जुलाई को केरन सेक्टर में सेना ने पांच घुसपैठियों को मार गिराया
था। |