गुरुद्वारा हमले के पीड़ितों को तीन करोड़ की सहायता 03-08-2013
वाशिंगटन। विस्कांसिन स्थित ओक क्रीक गुरुद्वारे में हुई गोलीबारी की
घटना के एक साल बाद ओबामा प्रशासन ने पीड़ितों और प्रभावितों को को पांच लाख
डॉलर [करीब तीन करोड़ रुपये] की सहायता राशि देने की घोषणा की है। पिछले
साल पांच अगस्त को ओक क्रीक गुरुद्वारे में एक श्वेत कंट्टरपंथी वेड माइकल
पेज द्वारा की गई गोलीबारी में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी और चार अन्य
घायल हो गए थे। इस घटना की पहली बरसी पर सिख समुदाय के लोगों ने चार दिन
की शोक सभा आयोजित की है। एरिका अटार्नी जनरल एरिक होल्डर ने शुक्रवार को अपने ब्लॉग पर लिखा,
मैं यह घोषणा करते हुए खुशी महसूस कर रहा हूं कि न्याय विभाग की ओर से
विस्कांसिन गोलीबारी के पीड़ितों को पांच लाख 12 हजार डॉलर की आपातकालीन
सहायता दी जा रही है। यह राशि इस हमले से प्रभावित सभी परिवारों और पीड़ितों
को दी जाएगी, ताकि वे अपना जीवन नए सिरे से शुरू कर सकें। सोमवार यानी
पांच अगस्त को विस्कांसिन गुरुद्वारे में गोलीबारी की घटना की पहली बरसी
मनाई जाएगी। इस हमले में ओक क्रीक पुलिस के लेफ्टिनेंट ब्रायन मर्फी लोगों
को बचाते हुए गंभीर रूप से घायल हो गए थे। होल्डर ने कहा कि विस्कांसिन की
घटना ने पूरे देश को हिला कर रख दिया था। इसलिए नहीं कि यह बड़े पैमाने पर
हुआ हमला था या इसमें कई लोग मारे गए थे। बल्कि इसलिए कि यह हमला एक
धार्मिक स्थल पर हुआ था। |